कोलकाता :- शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और इसे 'निर्मम सरकार' करार दिया। परिवर्तन संकल्प सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता ने अब परिवर्तन का मन बना लिया है और जब जनता निर्णय लेती है, तो इतिहास बदल जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बंगाल की आत्मा को बचाने, व्यवस्था परिवर्तन और जनता को 'कटमनी' व भय की राजनीति से मुक्त कराने का है। उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति की तुलना 'जंगलराज' से करते हुए कहा कि अब इनके गुंडागर्दी के दिन खत्म होने वाले हैं और भ्रष्ट तंत्र की विदाई की उल्टी गिनती (काउंटडाउन) शुरू हो चुकी है।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तृणमूल ने न केवल सर्वोच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि आदिवासियों, महिलाओं और बाबासाहेब आंबेडकर का भी अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में एक विशेष समुदाय के नाम पर खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं और भय का माहौल बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि भाजपा की सरकार बनते ही अपराधियों की सही जगह केवल जेल होगी और कानून तोड़ने वालों को चुन-चुनकर निकाला जाएगा। उन्होंने बंगाल की जनता को 'अग्रिम बधाई' देते हुए विश्वास जताया कि इस बार बंगाल में विकास की नई शुरुआत होगी और हर अन्याय का हिसाब किया जाएगा।



0 Comments