PM Narendra Modi ने WB को दी 18,700 करोड़ की सौगात, बोले- विकसित बंगाल से ही खुलेगा पूर्वी भारत की प्रगति का द्वार


कोलकाता :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास के लिए एक नया अध्याय लिखा। प्रधानमंत्री ने लगभग 18 हजार 700 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं, जिन्हें आगामी वर्षों में क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने वाला माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ये प्रोजेक्ट न केवल व्यापार और उद्योगों को नई गति देंगे, बल्कि लाखों लोगों के जीवन को सुगम बनाकर उनके लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।


संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से रेलवे और जलमार्गों के आधुनिकीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि रेलवे के विस्तार और आधुनिकरण के अभियान में पश्चिम बंगाल किसी भी सूरत में पीछे न रहे। प्रधानमंत्री ने दशकों तक पूर्वी भारत की उपेक्षा किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि अब जलमार्ग और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर औद्योगिक प्रगति के नए द्वार खोल रहे हैं। इसी कड़ी में हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के मशीनीकरण की शुरुआत की गई है, जिससे कार्गो ऑपरेशन में तेजी आएगी और बंदरगाह की क्षमता में भारी इजाफा होगा। प्रधानमंत्री ने अंत में दोहराया कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचा ही 'विकसित बंगाल' की नींव बनेगा और बंगाल एक बार फिर देश को दिशा दिखाने वाले अपने पुराने गौरव को हासिल करेगा।

Post a Comment

0 Comments