कोलकाता :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड जनसभा से ठीक पहले कोलकाता के गिरीश पार्क में हुई हिंसा ने राजनीतिक गलियारे में उबाल पैदा कर दिया है। राज्य की महिला व बाल कल्याण मंत्री डॉ शशि पांजा के आवास पर हुए हमले और पथराव के बाद, शनिवार शाम वह खुद मीडिया के सामने आईं। हमले में घायल होने के बावजूद अस्पताल से सीधे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचीं शशि पांजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपनी चोट दिखाते हुए सीधे प्रधानमंत्री से सवाल किया, "क्या यही आपकी नारी सुरक्षा की गारंटी है? आपके कार्यकर्ता एक महिला मंत्री के घर में घुसकर हमला कर रहे हैं, क्या आप इसे ही विकास और सुरक्षा कहते हैं ? इस पत्रकार वार्ता में उनके साथ राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु और तृणमूल सांसद सयानी घोष भी मौजूद थीं। टीएमसी नेताओं ने एक सुर में प्रधानमंत्री के ब्रिगेड संबोधन का विरोध करते हुए इसे 'झूठ का पुलिंदा' करार दिया।
मंत्री ब्रात्य बसु ने कहा कि भाजपा बंगाल में अशांति फैलाकर सत्ता पाना चाहती है, लेकिन राज्य की जनता इस गुंडागर्दी का जवाब देगी। सयानी घोष ने भी प्रधानमंत्री के दावों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में महिलाएं असुरक्षित हैं और आज की घटना इसका जीवंत प्रमाण है। तृणमूल कांग्रेस ने इस हमले के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने और राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।


0 Comments