दुर्गापुर :- योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के गंभीर आरोपों को लेकर गुरुवार को दुर्गापुर का महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय परिसर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन से रणक्षेत्र बन गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन इतना उग्र था कि प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स और कार्यालय का गेट तोड़कर भीतर घुस गए, जिससे वहां काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची संशोधन के नाम पर जानबूझकर वैध मतदाताओं के नाम सूची से गायब कर दिए गए हैं। देवेश चक्रवर्ती ने प्रशासन और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अग्रवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लगभग 60 लाख मतदाताओं के नाम वर्तमान में विचाराधीन रखे गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन लाखों लोगों को उनके मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान से वंचित किया गया, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और काटे गए नामों को तुरंत सूची में दोबारा शामिल किया जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।




0 Comments