विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिलने से TMC पार्षद अशोक रुद्र नाराज, BJP का कटाक्ष

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा होते ही TMC के भीतर असंतोष के स्वर उभरने लगे है। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 87 के पार्षद और राज्य TMC कमेटी के कद्दावर सदस्य अशोक रुद्र ने टिकट न मिलने पर अपनी गहरी नाराजगी सार्वजनिक कर दी है। सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय से संगठन के लिए समर्पित रहने और आम जनता के हितों के लिए लगातार आंदोलनों में सक्रिय रहने के बावजूद उन्हें बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है। अशोक रुद्र का दावा है कि आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट के लिए शुरुआती सूची में उनका नाम सबसे ऊपर था, लेकिन अंतिम समय में उसे हटा दिया गया, जिससे वे काफी आहत महसूस कर रहे हैं।

अशोक रुद्र ने अपनी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस्को (IISCO) स्टील प्लांट में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सुलझाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने इस अनदेखी के पीछे के कारणों पर हैरानी जताते हुए संकेत दिया है कि वे जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय ले सकते हैं। दूसरी ओर, इस अंतर्कलह पर चुटकी लेते हुए BJP के आसनसोल उत्तर से उम्मीदवार कृष्णादु मुखर्जी ने इसे 'मलाई' के बंटवारे का विवाद करार दिया है। उन्होंने कहा कि हालांकि यह TMC का आंतरिक मामला है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि इस बार बंदरबांट सही तरीके से नहीं हो पाई है। फिलहाल इस घटनाक्रम ने आसनसोल में चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है।

Post a Comment

0 Comments