श्री रामनवमी पर सियासी रंग, TMC-BJP प्रत्याशियों का सौजन्य, पुलिस से तीखी नोकझोंक

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दुर्गापुर में रामनवमी की शोभायात्रा आस्था और राजनीति के अनूठे संगम की गवाह बनी। विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित इस भव्य शोभायात्रा में उस समय दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी कवि दत्त और भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घड़ुई का आमना-सामना हुआ। टीएमसी प्रत्याशी कवि दत्त ने इसे 'सौजन्य भेंट' करार दिया, जबकि लक्ष्मण घड़ुई ने पलटवार करते हुए कहा कि तृणमूल प्रत्याशी चुनावी दबाव के कारण रामनवमी की शरण में आए हैं।


शोभायात्रा जैसे ही आगे बढ़ी, माहौल पूरी तरह राजनीतिक और शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घड़ुई हाथ में तलवार लिए और दुर्गापुर पूर्व के प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी लाठी थामे एक साथ कदमताल करते नजर आए। बेनाचिटी के पांचमाथा मोड़ से भिरिंगी मोड़ तक निकली इस शोभायात्रा में उस समय तनाव व्याप्त हो गया, जब पुलिस ने लक्ष्मण घड़ुई के हाथ से तलवार लेने की कोशिश की।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। लक्ष्मण घड़ुई ने तलवार छोड़ने से साफ इनकार करते हुए तर्क दिया कि यह उनकी 'आत्मरक्षा' के लिए है और जब तक जुलूस चलेगा, शस्त्र उनके हाथ में ही रहेगा। भारी सुरक्षा बल और रैफ की मौजूदगी के बावजूद, शोभायात्रा के दौरान राजनीतिक पारा चढ़ा रहा। एक ओर जहां सौजन्य की बातें हुईं, वहीं दूसरी ओर शस्त्रों के प्रदर्शन ने चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments