कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने वाली है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आगामी रविवार से मंगलवार के बीच राज्य में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार बंगाल में चुनाव दो से तीन चरणों में ही संपन्न कराए जा सकते हैं। आयोग की योजना के अनुसार, मतदान की प्रक्रिया 15 अप्रैल (पॉयला बैसाख) के बाद शुरू होकर 30 अप्रैल से पहले पूरी कर ली जाएगी। चुनाव आयोग की फुल बेंच के हालिया दौरे और राज्य में केंद्रीय बलों की समय से पहले तैनाती के बाद अब केवल औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
राजनीतिक गलियारों में भी चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने अपनी उम्मीदवार सूची को अंतिम रूप दे दिया है और माना जा रहा है कि चुनावी कार्यक्रम घोषित होते ही या उसके अगले दिन प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी भी पूरी तैयारी में है। शनिवार को ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली के तुरंत बाद भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। वहीं, वामपंथी दलों और आईएसएफ (ISF) के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर सहमति लगभग बन चुकी है। राज्य की जनता अब बस चुनाव आयोग के उस ऐलान का इंतजार कर रही है, जो तय करेगा कि बंगाल की सत्ता की चाबी किसके हाथ में जाएगी।



0 Comments