मालदा :- मोथाबाड़ी इलाके में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने और हिंसा फैलाने के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने 17 और संदिग्धों को गिरफ्तार कर मालदा जिला अदालत में पेश किया। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल 35 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के बाद NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम भी मालदा पहुंच चुकी है और मामले की समानांतर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारियां सीसीटीवी फुटेज और पुख्ता सबूतों के आधार पर की गई हैं। गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव और डर का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस निर्दोष लोगों को निशाना बना रही है। गिरफ्तार व्यक्तियों का हिंसा से कोई लेना-देना नहीं था। वहीं, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि केवल पहचान किए गए उपद्रवियों पर ही कानून का शिकंजा कसा जा रहा है। गौरतलब है कि SIR प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए उग्र भीड़ ने न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया था और उनके वाहनों पर हमला किया था।


0 Comments