रानीगंज विधानसभा सीट से 8 उम्मीदवार आजमा रहे हैं अपनी किस्मत

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक आते ही रानीगंज विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन के बाद अब इस सीट पर चुनावी मुकाबला पूरी तरह स्पष्ट हो गया है। रानीगंज से इस बार कुल 8 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि, शुरुआत में 9 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल आचार्य द्वारा अपना नामांकन वापस लेने के बाद अब मैदान में केवल 8 उम्मीदवार शेष रह गए हैं।

इस हाई-प्रोफाइल सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने यहाँ से कालो बरन मंडल पर भरोसा जताया है, तो वहीं भाजपा की ओर से पार्थ घोष चुनौती पेश कर रहे हैं। वामपंथी खेमे से माकपा के नारायण बाउरी और कांग्रेस प्रत्याशी फ़ैज़ अहमद भी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इन प्रमुख दलों के अलावा चुनावी मैदान में आशीष चंद्र गोराई और अजय कुमार पासवान निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोक रहे हैं, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी से राहुल घोष और इंडियन नेशनल लीग से सागर सेन भी मतदाताओं को रिझाने की कोशिश में जुटे हैं।

उल्लेखनीय है कि रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में पहले चरण के तहत आगामी 23 अप्रैल को मतदान होना है। जैसे-जैसे वोटिंग का दिन करीब आ रहा है, सभी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने घर-घर जाकर जनसंपर्क तेज कर दिया है। जहाँ एक ओर दिग्गज राजनीतिक दलों ने भारी जनसभाओं और रैलियों के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन शुरू कर दिया है, वहीं निर्दलीय और छोटे दलों के उम्मीदवार भी स्थानीय मुद्दों के सहारे अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि रानीगंज की जनता विकास और बदलाव के इस दौर में किसके सिर पर जीत का सेहरा बांधती है।

Post a Comment

0 Comments