कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा के साथ कथित तौर पर 1000 करोड़ रुपये की कथित 'डील' से संबंधित एक वीडियो तृणमूल कांग्रेस द्वारा वायरल किये जाने के बाद आम जनता विकास पार्टी के नेता हुमायूं कबीर पूरी तरह से अलग-थलग पड़ गए हैं। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ अपना गठबंधन तत्काल प्रभाव से तोड़ दिया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक आधिकारिक पोस्ट के जरिए 'AIMIM' ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में भाजपा के साथ कबीर की सांठगांठ के संकेतों के बाद अब उनके साथ राजनीतिक संबंध रखना संभव नहीं है। हुमायूं कबीर अब चौतरफा घिरते नजर आ रहे हैं। जहां एक ओर विपक्ष इसे सत्ता की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला बता रहा है, वहीं ओवैसी की पार्टी के इस फैसले ने उनके चुनावी समीकरणों को बिगाड़ दिया है। हालांकि, हुमायूं कबीर ने इस वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर अभी तक कोई विस्तृत सफाई पेश नहीं की है, लेकिन इस घटनाक्रम ने बंगाल की अल्पसंख्यक राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है और कबीर की राजनीतिक विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

0 Comments