BJP के 'संकल्प पत्र' में महिलाओं के लिए वादों की झड़ी, TMC के महिला वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी !

कोलकाता :- BJP Manifesto for West Bengal Assembly Election 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी कर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के सबसे मजबूत आधार 'महिला वोट बैंक' को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जारी किए गए 'संकल्प पत्र' में महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर कई बड़े और लुभावने वादे किए गए हैं। ममता बनर्जी की 'लक्ष्मी भंडार' योजना के मुकाबले भाजपा ने सत्ता में आने पर महिलाओं को प्रतिमाह 3,000 रुपये का भत्ता देने का वादा किया है, जिसे मुख्यमंत्री के सामाजिक सुरक्षा मॉडल के खिलाफ एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।


गृह मंत्री अमित शाह ने महिलाओं के लिए किसी 'कल्पतरु' की तरह घोषणाओं की झड़ी लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की एकमुश्त सहायता और छह पोषण किट प्रदान की जाएंगी। शिक्षा के क्षेत्र में अविবাহিত छात्राओं को स्नातक स्तर पर दाखिला लेने पर 50,000 रुपये और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की सहायता देने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा, सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त परिवहन की सुविधा भी इस संकल्प पत्र का हिस्सा है।

सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर भाजपा ने पुलिस सहित सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बड़ी घोषणा की है। महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 'दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड' का गठन किया जाएगा और हर अनुमंडल में एक समर्पित महिला पुलिस थाना बनाया जाएगा। पुलिस बल में 'मातंगिनी हाजरा' और 'रानी शिरोमणि' के नाम पर विशेष महिला बटालियन स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए भाजपा ने 40 वर्ष से अधिक आयु की आर्थिक रूप से पिछड़ी महिलाओं के लिए मुफ्त एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर) टीकाकरण का वादा किया है। स्पष्ट है कि इन घोषणाओं के जरिए भाजपा ने सीधे तौर पर उन महिला मतदाताओं को संदेश दिया है जो अब तक तृणमूल कांग्रेस की योजनाओं की मुख्य लाभार्थी रही हैं।


Post a Comment

0 Comments