कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए BJP द्वारा जारी किए गए संकल्प पत्र पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने तीखा हमला बोला है। अमित शाह द्वारा महिलाओं और युवाओं के लिए घोषित 3,000 रुपये के मासिक भत्ते पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी ने इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की 'लक्ष्मी भंडार' और 'युवश्री' जैसी योजनाओं की नकल करार दिया है। टीएमसी के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने तंज कसते हुए भाजपा के घोषणापत्र को ‘कॉपी-कैट’ और ‘जेरॉक्स कॉपी’ बताया है। कुणाल घोष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ममता बनर्जी जो आज सोचती हैं, भाजपा उसे महीनों और सालों बाद अपनाने की कोशिश करती है। उन्होंने याद दिलाया कि जब ममता बनर्जी ने महिलाओं के लिए लक्ष्मी भंडार जैसी परियोजनाएं शुरू की थीं, तब भाजपा नेताओं ने इसे 'भीख' बताकर मां-बहनों का अपमान किया था और भारी आलोचना की थी। लेकिन अब वही भाजपा अपनी चुनावी नैया पार लगाने के लिए ममता बनर्जी के ही मॉडल को अपनाने पर मजबूर हो गई है। घोष ने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता किसी नकली वादे या नकल के पीछे जाने के बजाय 'ओरिजिनल' ममता बनर्जी के विकास कार्यों पर ही भरोसा करेगी। इस बयान के साथ ही बंगाल में कल्याणकारी योजनाओं के श्रेय को लेकर राजनीतिक युद्ध और तेज हो गया है।

0 Comments