चुनाव प्रचार के दौरान BJP उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घड़ुई को झेलना पड़ा भारी विरोध, लगे ‘गो बैक’ के नारे


दुर्गापुर :- दुर्गापुर स्थित 20 नंबर वार्ड के भिरिंगी चाषीपाड़ा इलाके में उस समय राजनीतिक तनाव फैल गया, जब भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घड़ुई चुनावी प्रचार के लिए वहां पहुंचे। प्रचार के दौरान स्थानीय निवासियों और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के समर्थकों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान इलाके में ‘गो बैक’ और ‘जय बांग्ला’ के नारे गूंजने लगे, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।

इस विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घड़ुई ने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस हार के डर से डरी हुई है और डरा-धमकाकर लोगों को उनके खिलाफ नारेबाजी करने के लिए भेज रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और अपना अभियान जारी रखेंगे। दूसरी ओर, स्थानीय टीएमसी नेताओं और एक पूर्व पार्षद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह जनता का स्वतः स्फूर्त आक्रोश है। उनका दावा है कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा विधायक क्षेत्र से पूरी तरह नदारद रहे और विकास कार्यों में कोई रुचि नहीं दिखाई, जिसके कारण स्थानीय लोग उनसे नाराज हैं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।


Post a Comment

0 Comments