पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान पूर्व बर्दवान जिले के गलसी विधानसभा क्षेत्र में भारी तनाव और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। यहाँ से भाजपा प्रत्याशी राजू पात्र ने तृणमूल कांग्रेस पर मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब बांटने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना गलसी विधानसभा के त्रिलोकचंद्रपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत '12 बीघा' इलाके में हुई।
भाजपा प्रत्याशी राजू पात्र के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आदिवासी बहुल इलाकों में ग्रामीणों को शराब पिलाकर अपने पक्ष में वोट डालने के लिए दबाव बना रहे हैं। सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि एक बांस के बगीचे में युवकों की एक टोली शराब का सेवन कर रही थी। राजू पातर को देखते ही वहाँ मौजूद युवक अपने मोबाइल फोन और शराब की बोतलें वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए। इसके बाद भाजपा समर्थकों और कथित तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। तृणमूल नेतृत्व का कहना है कि जंगल में बैठकर कुछ ग्रामीण क्या कर रहे हैं, इसकी जिम्मेदारी पार्टी की नहीं है और भाजपा केवल हार के डर से ऐसे मनगढ़ंत आरोप लगा रही है। प्रशासन ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि मतदान की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।



0 Comments