पांडवेश्वर :- पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए TMC प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने अपना रिपोर्ट कार्ड और प्रतिज्ञा पत्र जारी किया है। शुक्रवार को हरिपुर स्थित पार्टी ऑफिस में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने प्रतिज्ञा पत्र जारी किया। जिसमें उन्होंने पाण्डेश्वर विधानसभा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इस योजना के केंद्र में युवाओं के लिए रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार रखा गया है।
तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने पिछले 5 वर्षों में किए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए आने वाले 5 वर्षों में और क्या कुछ विकास कार्य करेंगे इसकी रूपरेखा पेश की। उन्होंने कहा कि पांडबेश्वर विधानसभा में एक अत्याधुनिक औद्योगिक टाउनशिप (Industrial Township) की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लगभग 15,000 युवाओं को रोजगार के प्रत्यक्ष अवसर प्राप्त होंगे।
आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पार्टी ने 'जल स्वप्न' परियोजना के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का वादा किया है, जिसके लिए 7 एमजीडी क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही, पांडबेश्वर को 'नव पांडबेश्वर' के रूप में नई पहचान देने के लिए पहली बार भूमिगत जल निकासी प्रणाली और नई सड़कों का निर्माण करने की योजना है। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए पार्टी ने दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के गोगला गांव में एक 'नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर' और क्षेत्र में 'कवि नीलकंठ पॉलिटेक्निक कॉलेज' स्थापित करने की घोषणा की है। साथ ही, युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए निःशुल्क कंप्यूटर कोचिंग सेंटर भी खोले जाएंगे।
खेल और पर्यटन के क्षेत्र में भी बड़े निवेश की तैयारी है। पार्टी ने बाकोला में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और विधानसभा क्षेत्र में 10 नए खेल के मैदान बनाने का लक्ष्य रखा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नदी के किनारे एक आधुनिक पार्क और वॉच टावर का निर्माण किया जाएगा, जहां से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए बनशोल में एक आदिवासी सांस्कृतिक केंद्र और कोलकाता आने वाले पांडबेश्वर के छात्रों व मरीजों की सुविधा के लिए वहां 'पांडबेश्वर भवन' का निर्माण करने का आश्वासन दिया गया है। 'जे लड़छे सबर डाके, सेई जेताबे बांग्ला माके' (जो सबके आह्वान पर लड़ रहा है, वही बंगाल की माँ को जिताएगा) के नारे के साथ पार्टी ने इस विजन को जनता के सामने रखा है।


0 Comments