दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पानागढ़ स्टेशन पर मंगलवार सुबह दून एक्सप्रेस से दो विशालकाय कछुए बरामद किए जाने के बाद हड़कंप मच गया। कछुओं की तस्करी के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह दून एक्सप्रेस पानागढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर आकर रुकी। ट्रेन के भीतर यात्रियों ने ध्यान दिया कि एक सीट के नीचे रखा हुआ बैग बार-बार हिल-डुल रहा था। बैग की अजीब हलचल देखकर यात्रियों को शक हुआ कि कहीं इसमें किसी बच्चे को बंद करके तस्करी तो नहीं की जा रही है। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन पर तैनात आरपीएफ जवानों को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मी तुरंत ट्रेन की बोगी में दाखिल हुए और जब उस संदिग्ध बैग को खोला, तो सब हैरान रह गए। बैग के भीतर से दो बड़े आकार के कछुए बरामद हुए, जिनका अनुमानित वजन करीब 10 किलोग्राम है।
आरपीएफ ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी 'जान्ना' के रूप में हुई है। आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में कुबूल किया है कि वह इन कछुओं को कोलकाता ले जा रहा था। आरपीएफ ने बरामद कछुओं को पानागढ़ वन विभाग के रेंजर को सौंप दिया है। वन विभाग के अधिकारी आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वन्यजीव तस्करी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



0 Comments