पांडेश्वर :- पश्चिम बर्दवान तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पांडेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के खिलाफ जमीन के बदले नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर जोआल भांगा गांव के निवासी खगेंद्रनाथ मंडल ने पांडेश्वर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता खगेंद्रनाथ मंडल के अनुसार, सोनपुर बाजारी में जमीन के बदले नौकरी के सिलसिले में वे नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के पास गए थे। आरोप है कि चर्चा के दौरान पूर्व विधायक ने 15 युवकों को नौकरी दिलाने के बदले प्रति व्यक्ति 2 लाख रुपये यानी कुल 30 लाख रुपये की मांग की थी। उस बातचीत के आधार पर खगेंद्रनाथ ने अपने दोस्तों से अग्रिम राशि के रूप में कुल 20 लाख रुपये इकट्ठा किए और नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को सौंप दिए। नौकरी न मिलने और ठगे जाने का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच करने और अपने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
वहीं दूसरी तरफ नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के खिलाफ पांडेश्वर थाना में लिखित शिकायत दर्ज होने को लेकर पश्चिम बर्दवान जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि अब तक इस मामले को लेकर नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के तरफ से फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। जबकि कुछ दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने एक वीडियो संदेश जारी कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था की जरूरत पड़ी तो वे 10000 लोगों के साथ थाने में जाकर सरेंडर करेंगे। जानकारों का कहना है कि जिस तरह से उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है आने वाले दिनों में उनकी परेशानी बढ़ सकती है।

0 Comments