प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति और शहरी विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आज भारत वैश्विक पटल पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है और हर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार आया है।
वहीं, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने स्थानीय स्तर पर केंद्रीय परियोजनाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा सुदृढ़ हुई है, जिससे आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों का यह कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है।
पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के देश के कोने-कोने में विकास कार्य पहुंचाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां विपक्षी दल सिर्फ राजनीति में व्यस्त रहे, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम किया। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि आने वाले समय में भी विकास का यह रथ बिना रुके आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने केंद्रीय योजनाओं के जमीनी प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन 12 वर्षों में अंत्योदय के संकल्प को पूरा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सीधा लाभ पहुंचाया है और जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार मजबूत हुआ है।



0 Comments