रानीगंज में तृणमूल नेता विनोद नोनिया की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम, 2 धड़ों में बंटे भाजपा कार्यकर्ता

रानीगंज :- रानीगंज में तृणमूल कांग्रेस नेता और रानीगंज पंचायत समिति के पूर्व सभापति विनोद नोनिया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक अनोखा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहाँ कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा हाथों में लेकर अचानक चापुई-रोटीबाटी मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। हालांकि, चौंकाने वाली बात यह रही कि इस सड़क जाम के लिए प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से कोई अनुमति नहीं ली थी, जिसके कारण पार्टी के कार्यकर्ता आपस में ही उलझ गए और भाजपा स्पष्ट रूप से दो धड़ों में बंटी नजर आई।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जहां एक धड़ा सड़क जाम कर विनोद नोनिया के खिलाफ नारेबाजी कर रहा था, वहीं दूसरे धड़े के कार्यकर्ताओं ने इस तरीके को पूरी तरह से गलत ठहराया। भाजपा के जामुड़िया मंडल 3 के सचिव राजू बाध्यकर ने प्रदर्शन का विरोध करते हुए कहा कि हम सब भी तृणमूल नेता विनोद नोनिया की जल्द से जल्द गिरफ्तारी चाहते हैं, क्योंकि उसके खिलाफ चुनाव बाद हिंसा सहित कई गंभीर आरोप हैं और विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही वह फरार चल रहा है। उसके कार्यालय में तोड़फोड़ हुई थी और पुलिस उसके घर पर भी छापेमारी कर चुकी है। लेकिन इस तरह से बिना अनुमति के सड़क जाम कर आम जनता को परेशानी में डालना बिल्कुल भी जायज नहीं है।


राजू बाध्यकर ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सवाल उठाते हुए तीखा तंज कसा कि जो लोग 4 मई के बाद अचानक सिर पर गेरुआ अबीर लगाकर खुद को भाजपा का बड़ा कार्यकर्ता बता रहे हैं, विधानसभा चुनाव से पहले उनका जमीन पर कोई अता-पता नहीं था। इस सड़क जाम के कारण राहगीरों और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सूझबूझ से काम लेते हुए सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों को हटाकर जाम को पूरी तरह समाप्त करवाया।

Post a Comment

0 Comments