आसनसोल :- सरकारी राहत सामग्री का दुरुपयोग करने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिरे पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 87 से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्षद तरुण चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस ने मंगलवार को ही उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इलाके के गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच बांटने के लिए सरकार की तरफ से जो तिरपाल भेजी गई थी, उसका एक बड़ा हिस्सा पार्षद ने अपने घर में ही छिपाकर रखा हुआ था। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पार्षद के घर से राहत सामग्री का वह सारा सामान बरामद कर लिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तरुण चक्रवर्ती के खिलाफ सिर्फ तिरपाल बरामदगी का ही मामला नहीं है, बल्कि उनके खिलाफ और भी कई गंभीर शिकायतें दर्ज हैं। उन पर अवैध बालू खनन और तस्करी के कारोबार में शामिल होने, इलाके में जबरन वसूली (तोलाबाजी) करने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को घर दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलने जैसे संगीन आरोप हैं।
पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पार्षद तरुण चक्रवर्ती को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी ताकि इन सभी घोटालों और आरोपों की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही साबित होने पर आरोपी पार्षद के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments