आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के डामरा क्षेत्र में गरीबों के लिए निर्मित बीएसयूपी (बेसिक सर्विसेज फॉर अर्बन पुअर) आवास परियोजना को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी के कार्यकाल में बने इन आवासों के आवंटन में गंभीर धांधली की गई और वास्तविक लाभार्थियों को उनका अधिकार नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत पात्र लाभार्थियों को नगर निगम में लगभग साढ़े सात हजार रुपये जमा कर आवास प्राप्त करना था। लेकिन आरोप है कि जिन लोगों के नाम पर आवास स्वीकृत किए गए थे, उन्हें मकान देने के बजाय अन्य लोगों को मोटी रकम लेकर आवंटित कर दिया गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस संबंध में लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के आसनसोल दक्षिण मंडल के सचिव अपूर्व राय ने आरोप लगाया कि कई आवास 20 से 21 हजार रुपये लेकर बेचे गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ खाली पड़े आवासों में शराबखोरी और अन्य अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
शुक्रवार सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने संबंधित आवास परिसर का दौरा किया। भाजपा का दावा है कि वहां से नगर निगम का एक रेजोल्यूशन रजिस्टर बरामद हुआ है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि सरकारी दस्तावेज आम लोगों के कब्जे में पाए गए, जो गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है। इसके अलावा आवंटन स्लिप में व्हाइटनर लगाकर मूल लाभार्थियों के नाम मिटाकर अन्य लोगों के नाम दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है तथा नगर निगम के एक कर्मचारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
वहीं, मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि यदि डामरा क्षेत्र की बीएसयूपी आवास परियोजना में किसी प्रकार की अनियमितता, अवैध गतिविधि या व्यवसाय की शिकायत मिली है तो नगर निगम पूरे मामले की जांच करेगा और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आसनसोल नगर निगम की विपक्ष की नेता चैताली तिवारी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि केवल डामरा परियोजना ही नहीं, बल्कि नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, शिकायतों के आधार पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीएसयूपी आवास परियोजना में कथित अनियमितताओं के आरोपों ने एक बार फिर नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हैं।







0 Comments