Asansol Municipal Corporation में अस्थाई और सफाई कर्मियों का प्रदर्शन

आसनसोल :- मंगलवार को आसनसोल नगर निगम परिसर में उस वक्त भारी तनाव का माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में कैजुअल, डेलीडेटेड, ठेका और सफाई कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही और मनमाने नियमों के कारण उनके सामने रोजी-रोटी और अस्तित्व का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

आंदोलन कर रहे कैजुअल, डेलीडेटेड और ठेका श्रमिकों ने बताया कि राज्य सचिवालय 'नबन्नो' से नगर निगम के सेक्रेटरी को एक बेहद महत्वपूर्ण निर्देश जारी हुआ था। इस निर्देश के तहत तीनों श्रेणियों के कर्मचारियों की पूरी जानकारी आगामी 20 जून तक राज्य सचिवालय को भेजी जानी थी। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी तरफ से सारी जरूरी जानकारियां समय रहते कई बार कॉर्पोरेशन में जमा करा दी थीं। इसके बावजूद अब उन्हें पता चल रहा है कि निगम प्रशासन ने यह डेटा अभी तक कोलकाता नहीं भेजा है। इस बड़ी लापरवाही से आक्रोशित कर्मचारी मंगलवार को निगम कमिश्नर और अन्य आला अधिकारियों से मिलने पहुंचे। उनका साफ कहना है कि अधिकारियों की इस सुस्ती का खामियाजा वे भुगतने को तैयार नहीं हैं और अगर जानकारी तुरंत नहीं भेजी गई, तो वे अपने हक के लिए आंदोलन को और तेज करेंगे।


दूसरी तरफ, निगम के सफाई कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर निगम कार्यालय का घेराव किया। सफाई कर्मियों का मुख्य विरोध काम के घंटों और शिफ्ट को लेकर है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा उन्हें दो अलग-अलग चरणों में काम करने का निर्देश दिया गया है, जिसकी वजह से उन्हें व्यावहारिक रूप से 12 घंटे तक ड्यूटी पर रहना पड़ रहा है। इस दोहरी शिफ्ट के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारियों ने दोटूक शब्दों में कहा कि वे एक बार में केवल 8 घंटे ही काम करेंगे, दो चरणों में टुकड़ों-टुकड़ों में काम करना मुमकिन नहीं है।

इसके साथ ही सफाई कर्मियों ने अपनी वेतन वृद्धि की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई। उनका कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि बीते कल पेश हुए निगम के बजट में उनके वेतन को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव लाया जाएगा, लेकिन बजट में सफाई कर्मियों की सुध तक नहीं ली गई। बजट से निराश होकर आज सभी कर्मचारी मेयर विधान उपाध्याय से मिलने पहुंचे। मेयर ने आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया। मेयर ने कर्मचारियों को अपनी इन सभी शिकायतों को लिखित रूप में संबंधित विभाग और उन्हें सौंपने की सलाह दी है, ताकि इस मामले पर आगे उचित कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0 Comments