आसनसोल :- अवैध पत्थर खदान चलाने के आरोप में गिरफ्तार सालानपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष भोला सिंह को छह दिनों की पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद गुरुवार को दोबारा आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। इस दौरान टीएमसी नेता को देखते ही भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा और अदालत परिसर विरोध-प्रदर्शन तथा राजनीतिक नारेबाजी के कारण पूरी तरह गरमा गया। गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को सालानपुर थाना पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में भोला सिंह को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अदालत ने उन्हें छह दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था। सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें सालानपुर के बजाय हीरापुर थाने में रखा गया था।
गुरुवार को जब हीरापुर थाने की पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच भोला सिंह को लेकर आसनसोल जिला अदालत पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद भाजपा नेता अकबर हुसैन ने उनके खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराते हुए उन्हें जूते दिखाए। इसके साथ ही भाजपा नेता और उनके समर्थकों ने टीएमसी नेता को देखकर 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे पहले भी जब भोला सिंह को अदालत लाया गया था, तब उन पर अंडे फेंके गए थे। उस घटना का असर अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को हुए इस 'जूता-प्रदर्शन' ने इलाके में नए सिरे से राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। हालांकि, स्थिति के बेकाबू होने से पहले ही वहां तैनात मुस्तैद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और पूरे हालात को नियंत्रण में लिया। टीएमसी नेता को लेकर कोर्ट परिसर में लगातार हो रहे इन विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक खींचतान के कारण यह मामला इस समय जिले के राजनीतिक गलियारों में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।



0 Comments