आसनसोल :- आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में युवा तृणमूल कांग्रेस नेता के रूप में पहचान रखने वाले और नूनी ग्राम पंचायत के प्रधान माधव तिवारी के बेटे वरुण तिवारी को आसनसोल उत्तर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बुधवार को नूनी इलाके से की।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वरुण तिवारी के खिलाफ चुनावी प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रोकने, उन्हें जान से मारने की धमकी देने तथा उनके साथ मारपीट करने सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज थे। इसी मामले की तफ्तीश करते हुए पुलिस ने बुधवार को उन्हें धर दबोचा। गुरुवार को वरुण तिवारी को बेहद कड़े सुरक्षा घेरे के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। टीएमसी नेता की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
अदालत में पेशी के दौरान आरोपी वरुण तिवारी ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक दुर्भावना के तहत झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है और उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। वरुण ने देश की कानून और न्याय व्यवस्था पर अपना पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें अदालत से न्याय जरूर मिलेगा। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से बाराबनी और आसपास के राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि दर्ज शिकायतों के आधार पर मामले की जांच जारी है और अदालत के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments