Asansol में डंपर और ट्रेलर के बीच टक्कर, केबिन में आग लगने से ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत


आसनसोल :- राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक डंपर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना गुरुवार को आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र के मेलेकोला मोड़ के पास धनबाद जाने वाली सड़क पर हुई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोयले से लदा एक डंपर तेज रफ्तार में धनबाद की ओर जा रहा था। उसी समय उसने सड़क पर चल रहे एक भारी मालवाहक ट्रेलर के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा यानी केबिन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसमें अचानक भीषण आग लग गई।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर के बाद चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके कारण चालक को बाहर निकालने का मौका ही नहीं मिला। दम घुटने और झुलस जाने के कारण चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, अंतिम समाचार मिलने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस, केंद्रीय बल के जवान और दमकल की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद क्षतिग्रस्त डंपर से चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। इस हादसे की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को सामान्य कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सालानपुर थाने की पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments