पूर्व बर्दवान :- चुनाव बाद हिंसा और दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में BJP ने अपने दो स्थानीय नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने बर्दवान उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नेता रामानंद मजूमदार और बर्दवान दक्षिण के नेता सुमित दत्त को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी करते हुए अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। दोनों नेताओं को 7 दिनों के भीतर अपना जवाब देने का निर्देश दिया गया है, और अगले आदेश तक वे पार्टी के किसी भी कार्य में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। BJP की राज्य अनुशासन समिति के प्रमुख प्रताप बनर्जी ने दोनों नेताओं को निलंबन का पत्र भेजा है। सुमित दत्त पर चुनाव बाद हिंसा, डराने-धमकाने और जबरन दुकान कब्जा करने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप हैं, जबकि रामानंद मजूमदार पर भी कई शिकायतें दर्ज हैं। इस मामले पर पूर्व बर्दवान संगठनात्मक जिले के बीजेपी प्रवक्ता कल्याण कुमार माझी ने स्पष्ट किया कि बीजेपी एक अनुशासित पार्टी है और कोई भी कार्यकर्ता दल के अनुशासन से ऊपर नहीं है। दल-विरोधी और शर्मनाक हरकतों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी ओर, आरोपी नेता सुमित दत्त ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि पार्टी का एक धड़ा TMC के साथ मिलकर उन्हें फंसाने की साजिश रच रहा है, और वे तय समय पर पार्टी को अपना जवाब सौंप देंगे।

0 Comments