दुर्गापुर :- दुर्गापुर में न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के अंतर्गत तृणमूल कांग्रेस नेता सुकुमार दत्त को कोर्ट ले जाते समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और उन पर अंडे फेंके। सुकुमार दत्त पर भ्रष्टाचार, आतंक फैलाने और रंगदारी (तोलाबाजी) वसूलने के गंभीर आरोप हैं। इन आरोपों के आधार पर न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। गुरुवार को जब पुलिस सुकुमार दत्त को थाने से निकालकर दुर्गापुर सब-डिवीजनल कोर्ट ले जा रही थी, तभी वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल नेता को निशाना बनाकर एक के बाद एक कई अंडे फेंके, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। मौके पर मौजूद न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस को स्थिति पर काबू पाने और सुरक्षा घेरा बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद से इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।




0 Comments