पाण्डेश्वर :- पांडवेश्वर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बालू तस्करी के बेताज बादशाह माने जाने वाले युधिष्ठिर घोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युधिष्ठिर घोष का इतिहास रहा है कि उन्होंने वाममोर्चा के शासनकाल में अवैध गतिविधियों में कदम रखा था, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद उनका प्रभाव तेज गति से बढ़ा। देखते ही देखते वह अकूत संपत्ति के मालिक बन बैठा था। इलाके में उनका खौफ इस कदर था कि तमाम शिकायतों के बावजूद किसी में भी उनके खिलाफ मुंह खोलने की हिम्मत नहीं थी। तृणमूल कांग्रेस की सरकार में उसे पाण्डेश्वर के प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता का संरक्षण प्राप्त था। हालांकि, राज्य में भाजपा के सत्ता में आते ही आखिरकार कानून का शिकंजा उन पर कस गया और उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया। विधानसभा चुनाव से पहले अजय नदी से अवैध बालू खनन एवं तस्करी के मामले में ED ने युधिष्ठिर घोष के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
युधिष्ठिर घोष का नाम लंबे समय से अजय नदी से बालू तस्करी से जुड़ा रहा है। इसी अवैध कारोबार के दम पर उन्होंने बेहद कम समय में एक विशाल साम्राज्य खड़ा कर लिया। युधिष्ठिर घोष का नाम अवैध कोयला कारोबार में भी सामने आ चुका है। आरोप है कि वह पांडवेश्वर और उसके आसपास के क्षेत्रों से अवैध रूप से कोयला निकालकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करता था। साथ ही अजय नदी के विभिन्न घाटों से बड़े पैमाने पर बालू का अवैध खनन और तस्करी करता था। इस काले धंधे की बदौलत उसने आलीशान मकान, कीमती गाड़ियां, भारी मात्रा में जमीन और अकूत नकदी जमा कर ली थी।
उनकी इस अचल संपत्ति को लेकर काफी समय से कयासों का बाजार गर्म था। इसी सिलसिले में कोयला और बालू तस्करी घोटाले की जांच के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पहले भी उनके आवास पर छापेमारी की थी, जहां वित्तीय लेनदेन और संपत्ति के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले गए थे। युधिष्ठिर घोष पर न सिर्फ अवैध कारोबार के आरोप हैं, बल्कि उन पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदाय के लोगों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां करने का भी मामला दर्ज है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में सालों से सक्रिय प्रभावशाली और रसूखदार सिंडिकेट का वह मुख्य चेहरा थे, जिसके डर से आम जनता चुप रहने पर मजबूर थी। आखिरकार पुलिस ने इस माफिया को दबोचकर उसके इस अवैध साम्राज्य को करारा झटका दिया है।

0 Comments