दुर्गापुर :- लंबे समय से बंद पड़ी दुर्गापुर केमिकल्स फैक्ट्री के श्रमिकों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। पिछले सात महीनों से वेतन न मिलने के कारण जहां फैक्ट्री के 182 श्रमिक और उनके परिवार पहले से ही गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे, वहीं अब केमिकल्स कॉलोनी में अचानक बिजली और पानी की आपूर्ति ठप होने से स्थिति और बदतर हो गई है। बुनियादी सुविधाओं से वंचित कलोनियों के निवासियों का आरोप है कि बुधवार की रात बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक पूरी कॉलोनी की बिजली काट दी गई, जिससे लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों से पीने के पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह ठप है, जिसने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।
इस अमानवीय परिस्थिति और प्रबंधन की बेरुखी के खिलाफ गुरुवार सुबह श्रमिक और स्थानीय निवासी सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने दुर्गापुर के केमिकल्स मोड़ पर जाकर रास्ता जाम कर दिया और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस अचानक हुए चक्का जाम के कारण रातुरिया-अंगदपुर औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली बसें और कई अन्य वाहन जहां के तहां फंस गए, जिससे पूरे इलाके में काफी देर तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। आंदोलनकारियों ने दो टूक शब्दों में मांग की है कि कॉलोनी में बिजली और पानी की सेवाएं तुरंत बहाल की जाएं और श्रमिकों का पिछले सात महीनों का बकाया वेतन जल्द से जल्द जारी कर उन्हें इस गंभीर वित्तीय संकट से उबारा जाए।




0 Comments