दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के कोकओवन थाना क्षेत्र के रायडांगा इलाके में मंगलवार सुबह एक घर के बाहर कथित रूप से पाकिस्तान का झंडा मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और संबंधित व्यक्ति के घर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच से आरोपी को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड संख्या 43 स्थित रायडांगा निवासी आशराफुद्दीन अहमद के घर के सामने से कथित रूप से पाकिस्तान का झंडा बरामद होने का दावा स्थानीय लोगों ने किया। इसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी के खिलाफ देशविरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति लंबे समय से सोशल मीडिया पर देशविरोधी पोस्ट साझा करता रहा है और दो दिन पहले भी इसी तरह की गतिविधि सामने आई थी। इसी कारण लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मंगलवार को विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। हालांकि, आरोपी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है।
घटना के बाद पूरे रायडांगा इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कोकओवन थाना पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद किया गया कथित झंडा वहां कैसे पहुंचा तथा मामले में वास्तविक तथ्य क्या हैं।



0 Comments