Durgapur में प्रेमी जोड़े का पेड़ से लटकता शव बरामद होने से इलाके में सनसनी

दुर्गापुर :- दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के जामगड़ा इलाके में शनिवार को एक प्रेमी जोड़े का पेड़ से लटकता हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सुकुमार बागदी और ब्यूटी बागदी के रूप में हुई है। अंडाल के दक्षिणखंड का रहने वाला सुकुमार शादीशुदा था और जामगड़ा में उसका ससुराल था। वहीं ब्यूटी जामगड़ा की ही रहने वाली थी। ससुराल आने-जाने के दौरान ही सुकुमार और ब्यूटी की मुलाकात हुई थी, जो धीरे-धीरे गहरे प्रेम संबंध में बदल गई।

सूत्रों के अनुसार, ब्यूटी की शादी दुबराजपुर में तय हो चुकी थी और कुछ ही दिनों बाद उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन ब्यूटी इस शादी के खिलाफ थी। दूसरी तरफ सुकुमार भी पहले से विवाहित था, जिसके कारण समाज और परिवार के बीच दोनों के रिश्ते का मुकम्मल होना नामुमकिन लग रहा था। माना जा रहा है कि इसी सामाजिक बंदिश और प्यार के अधूरे रह जाने के डर से दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। शनिवार सुबह दोनों के शव जामगड़ा इलाके के ही एक बगीचे में पेड़ से लटके हुए पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही लाउदोहा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मर्चुरी में भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

0 Comments