Durgapur के जेमुआ उप-स्वास्थ्य केंद्र में बांटी गई एक्सपायर्ड दवा, परिजनों का हंगामा

दुर्गापुर :- दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के जेमुआ इलाके में स्थित एक उप-स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को समय सीमा पार (एक्सपायर्ड) दवाइयां दिए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर शनिवार सुबह स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जमकर हंगामा हुआ और उत्तेजित ग्रामीणों ने केंद्र का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।


मिली जानकारी के अनुसार, जेमुआ इलाके की रहने वाली असीला बीबी नाम की एक महिला शुक्रवार को रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) की समस्या के इलाज के लिए इस उप-स्वास्थ्य केंद्र में आई थीं। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला की जांच करने के बाद उसे सरकारी कोटे से कुछ दवाइयां दीं और उन्हें अगले कुछ महीनों तक नियमित रूप से खाने की सलाह दी। महिला ने घर लौटकर दवा की खुराक ले भी ली। इसके बाद जब उसके पति शेख इब्राहिम ने दवा के पत्ते (स्ट्रिप) पर छपी तारीख की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। दवा की एक्सपायरी डेट एक महीने पहले ही खत्म हो चुकी थी।


शनिवार को यह खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों और मरीज के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पीड़ित महिला के पति शेख इब्राहिम ने कहा, जब हमें पता चला कि दवा एक्सपायर्ड है, तो हमारी चिंता बेहद बढ़ गई क्योंकि मेरी पत्नी वह दवा खा चुकी थी। उसे एक महीने तक यही दवा खाने को कहा गया था। अगर समय रहते हमारी नजर इस पर नहीं पड़ती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। फिलहाल पुलिस प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।

Post a Comment

0 Comments