दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के बेनाचिति बाजार में देश की नामी कंपनियों के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर नकली कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस और वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बेनाचिति बाजार की कई कॉस्मेटिक दुकानों पर अचानक छापेमारी की। इस संयुक्त अभियान के दौरान बाजार की दो प्रमुख दुकानों से भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स के नकली सौंदर्य उत्पाद जब्त किए गए, जिन्हें आगामी कानूनी कार्रवाई के तहत अदालत में पेश किया जाएगा।
कलकत्ता हाईकोर्ट बार काउंसिल के सदस्य दीप्तनील हाजरा ने इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बाजार में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद बेचे जाने की शिकायत पर सबसे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट में एक मामला दर्ज कराया गया था। अदालत के आदेश पर संबंधित कंपनियों के दो प्रतिनिधियों ने आम ग्राहक बनकर बाजार से सामान खरीदा और उसकी जांच की, जिसमें नकली उत्पादों की बिक्री की बात सच साबित हुई। इसके बाद इस गंभीर मामले को कलकत्ता हाईकोर्ट के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद अदालत ने तुरंत जांच और तलाशी के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छापेमारी में जब्त किए गए सभी नकली सामानों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और इस धोखाधड़ी में शामिल दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया वहीं से तय होगी।




0 Comments