ECL के न्यू केंदा ओसीपी से अचानक उठा धुएं का बवंडर, स्थानीय निवासियों में दहशत

जामुड़िया :- ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के केंदा एरिया के अंतर्गत आने वाले न्यू केंदा क्वेरी नंबर 3 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) में सोमवार को उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब खदान के एक हिस्से से अचानक धुएं का एक विशाल बवंडर उठने लगा। आसमान को पूरी तरह से ढकते काले धुएं के इस भयानक गुबार को देखकर आसपास के गांवों में रहने वाले स्थानीय नागरिक और वहां काम करने वाले कोयला मजदूर बुरी तरह घबरा गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

यह घटना न्यू केंदा कुआरी-3 के खेपाडांगा माझीपाड़ा इलाके के समीप स्थित ओसीपी में घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खदान के इस हिस्से में पहले कभी भी इस तरह की भयावह स्थिति नहीं देखी गई थी। पहले कभी-कभार बेहद हल्का धुआं निकलता दिखाई देता था, जिसे सामान्य मानकर लोग नजरअंदाज कर देते थे, लेकिन अचानक इतनी भारी मात्रा में काले धुएं का निकलना बेहद चिंताजनक है।


स्थानीय जानकारों का मानना है कि यह कोयले की परतों में होने वाली भूमिगत आग यानी 'Underground Fire' के अचानक सतह पर आ जाने के कारण हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अगर इस आग को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह किसी बड़े हादसे का रूप ले सकती है, जिससे आसपास की बस्तियों को भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।

Post a Comment

0 Comments