दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर स्टील टाउनशिप इलाके में बुधवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद डोला सेन को काले झंडे दिखाए। साथ ही उनकी गाड़ी के सामने जाकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। हालांकि इस दौरान स्थिति उसे वक्त और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के तरफ से जमकर नारेबाजी होने लगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।
दरअसल, बुधवार को दुर्गापुर इस्पात नगरी के चैतन्य एवेन्यू स्थित तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन 'दुर्गापुर स्टील प्लांट मजदूर यूनियन' के कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डोला सेन मौजूद थीं। जब वह कार्यक्रम समाप्त कर कार्यालय से बाहर निकल रही थीं, तभी वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और काले झंडे दिखाते हुए 'डोला सेन हाय-हाय' और 'दूर हटो' के जोरदार नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया और दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए जाने और अपने खिलाफ नारेबाजी किए जाने की इस घटना पर सांसद डोला सेन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती के अवसर पर दुर्गापुर स्टील प्लांट मजदूर यूनियन की ओर से हर साल इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने हैरान होकर पूछा कि क्या वह अब रक्तदान शिविर में शामिल होने के लिए दुर्गापुर भी नहीं आ सकती हैं ? इस रक्तदान शिविर में सांसद डोला सेन के अलावा दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक बोर्ड के पूर्व सदस्य अमिताभ बनर्जी, धर्मेंद्र यादव, आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 37 के पार्षद रूपेश यादव और तृणमूल युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कौशिक मंडल समेत पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।





0 Comments