पूर्व बर्दवान में Indian Bank ने बकायेदार की संपत्ति पर लिया भौतिक कब्जा

पूर्व बर्दवान :- इंडियन बैंक की गुस्करा शाखा ने बकाया ऋण वसूली की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र के दौरा मौजा स्थित एक संपत्ति का भौतिक कब्जा (फिजिकल पजेशन) अपने अधीन ले लिया। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम), पूर्व बर्दवान द्वारा विविध वाद संख्या 686/2023 में 8 मार्च 2024 को पारित आदेश के अनुपालन में की गई।

बैंक सूत्रों के अनुसार, कार्तिक मुखर्जी द्वारा लिए गए ऋण का नियमित भुगतान नहीं होने के कारण खाते को 31 मार्च 2021 को गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घोषित किया गया था। इसके बाद बैंक ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित न्यायालय से आदेश प्राप्त किया। कब्जे में ली गई संपत्ति महाता ग्राम पंचायत के अंतर्गत दौरा मौजा में स्थित लगभग 0.15 एकड़ भूमि है।



यह कार्रवाई इंडियन बैंक के आसनसोल आंचलिक कार्यालय के जोनल हेड प्रवीण कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान न्यायालय द्वारा नियुक्त रिसीवर हसीबुल होसेन, रिकवरी एजेंट राजीव बनर्जी एवं एसएसजी एसोसिएट्स की टीम मौजूद रही। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराने में भातार थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि ऋण वसूली की प्रक्रिया कानून के सभी प्रावधानों का पालन करते हुए आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments