बर्नपुर बस स्टैंड परिसर में बने INTTUC कार्यालय पर चला बुलडोजर, SAIL ISP की कार्रवाई

आसनसोल :- सेल आईएसपी (SAIL-ISP) प्रबंधन द्वारा पिछले कुछ दिनों से ईस्को स्टील प्लांट की जमीन पर बने अवैध निर्माणों और भवनों के खिलाफ लगातार तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को बर्नपुर बस स्टैंड परिसर के भीतर स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी (INTTUC) के कार्यालय को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।


यह कार्यालय टीएमसी श्रमिक नेता कुलवंत सिंह का प्रमुख केंद्र था, जहां वे नियमित रूप से बैठा करते थे। कार्यालय तोड़े जाने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रमिक नेता कुलवंत सिंह ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से इस कार्यालय के माध्यम से विभिन्न सामाजिक कार्य किए जा रहे थे। यहां हर साल शहीद भगत सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई जाती थी और यहीं से विशाल रैलियां निकाली जाती थीं, जो भगत सिंह मोड़ तक जाती थीं।


उन्होंने आईएसपी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि महज 3 दिन का संक्षिप्त नोटिस देकर आज इस पुराने कार्यालय को अचानक तोड़ दिया गया। कुलवंत सिंह ने मायूसी जताते हुए कहा कि अब उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि भविष्य में वे इन तमाम सामाजिक गतिविधियों और जनहित के कार्यों को कहां से संचालित करेंगे। इस तोड़फोड़ अभियान के बाद से इलाके के राजनीतिक और श्रमिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Post a Comment

0 Comments