कुल्टी :- आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 59 में राजनीतिक समीकरणों के बीच TMC को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कुल्टी ब्लॉक अध्यक्ष सलाहुद्दीन अंसारी की पहल पर आयोजित एक कार्यक्रम में 50 से अधिक TMC कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कार्यक्रम के दौरान नए शामिल हुए कार्यकर्ताओं का कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया और उन्हें पार्टी की विचारधारा एवं संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में फिरोज खान, राजेश्वर शर्मा, सब्बीरुद्दीन अंसारी तथा मोहम्मद जुबैर उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में कुल्टी क्षेत्र में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। नए सदस्यों के शामिल होने से क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह का माहौल देखा गया।


0 Comments