Kulti में BJP कार्यकर्ता के परिवार पर जानलेवा हमला, TMC पर लगा आरोप

कुल्टी :- कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के धेमोमेन कोलियरी इलाके में बुधवार देर रात एक भाजपा कार्यकर्ता और उसके परिवार पर सशस्त्र हमले की घटना सामने आई है। यह वारदात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित पूजा और प्रसाद वितरण कार्यक्रम के ठीक बाद हुई। भाजपा का आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्थानीय रोहित नोनिया और हाल ही में पद से इस्तीफा देने वाले तृणमूल पार्षद संजय नोनिया के नेतृत्व में कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ भाजपा कार्यकर्ता बृजु यादव के घर पर धावा बोल दिया। इस हमले में बृजु यादव और उनके भाई बाबलू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का दावा है कि हमलावरों ने घर की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया और एक गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट व शारीरिक उत्पीड़न किया गया, जिससे इलाके में भारी तनाव है।



इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए मौके पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। दूसरी तरफ, आरोपित पक्ष ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि रोहित नोनिया और संजय नोनिया शारीरिक अस्वस्थता के कारण उस समय क्षेत्र में मौजूद ही नहीं थे और उनके पूरे परिवार को राजनीतिक कारणों से झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय निवासियों के एक वर्ग का यह भी कहना है कि रोहित नोनिया गरीबों की मदद करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ यह दुष्प्रचार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments