कुल्टी :- आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फाड़ी क्षेत्र के डैडी ग्राउंड के पास एक नाले से ईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी आपराद बाउरी (61) का शव मिलने के मामले में एक नया मोड़ आया है। पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक नोनिया को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहाँ पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश और पूछताछ के लिए उसकी पुलिस रिमांड की मांग की है। मृतक आपराद बाउरी बेजेडी कोलियरी से करीब दो महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे और टहरम कारखाना इलाके के निवासी थे। डैडी ग्राउंड इलाके के एक नाले से उनका शव बरामद हुआ था, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया था।
मृतक की बेटी आशा बाउरी का आरोप है कि उनके पिता ने डैडी ग्राउंड निवासी अशोक नोनिया से कर्ज लिया था। परिवार का दावा है कि अशोक नोनिया सूदखोरी का धंधा करता है और वह अक्सर अपराध बाउरी को अपने घर ले जाकर शराब व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कराता था। घटना के दिन भी अशोक नूनिया ही अपराध बाउरी को अपने साथ लेकर गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे। अगले दिन जब तलाश शुरू हुई, तो खुद अशोक नूनिया ने ही परिजनों को बताया कि अपराध बाउरी नाले में पड़े हैं, जहाँ वे कीचड़ से लथपथ हालत में मिले। इस रहस्यमय मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार शाम टहरम कारखाना के पास नियामतपुर-इस्को रोड को जाम कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। चक्का जाम की खबर मिलते ही एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन के नेतृत्व में कुल्टी थाना और नियामतपुर चौकी की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिए जाने के बाद ही सड़क जाम हटाया जा सका। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है, जिससे इलाके में भारी सनसनी फैली हुई है।



0 Comments