Maithon Dam में डूबे छात्र का शव बरामद, डर के मारे जंगल में बैग फेंककर फरार हो गए थे दोस्त


आसनसोल :- झारखंड-बंगाल सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैथन डैम में बुधवार को डूबे आसनसोल के डीएवी पब्लिक स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र प्रिंस कुमार का शव अंततः बरामद कर लिया गया है। बुधवार को हुई इस दुखद घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस, नाविक और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। रात के अंधेरे और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आईं, लेकिन अंततः घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद कल्यानेश्वरी पुलिस फाड़ी, स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों के सहयोग से प्रिंस का शव गहरे पानी से बाहर निकाल लिया गया। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में गहरा शोक छा गया है।


पुलिस जांच में इस हादसे के पीछे दोस्तों की लापरवाही और खौफनाक लापरवाही का एक बड़ा खुलासा हुआ है। प्रिंस अपने छह सहपाठी दोस्तों के साथ बुधवार सुबह घर से स्कूल जाने के नाम पर निकला था, लेकिन सभी छात्र स्कूल बंक कर एक ऑटो किराए पर लेकर सीधे मैथन डैम पहुंच गए। वहां फायरिंग रेंज और आनंद द्वीप के बीच एक घाट पर वे सभी पानी में नहाने उतरे। इसी दौरान प्रिंस अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके साथी बुरी तरह घबरा गए और उन्होंने शोर मचाने या किसी से मदद मांगने के बजाय वहां से भागने का फैसला किया। डर और घबराहट में उन्होंने प्रिंस का स्कूल बैग पास की झाड़ियों में फेंक दिया और चुपचाप अपने-अपने घर लौटकर छिप गए।

शाम तक जब प्रिंस घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों की खोजबीन के बाद यह सच सामने आया कि बच्चे स्कूल नहीं बल्कि मैथन गए थे। इसके बाद परिजनों ने आसनसोल उत्तर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब दोस्तों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने सच उगल दिया। दोस्तों की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से प्रिंस का बैग बरामद किया और जलाशय में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर अंततः शव को ढूंढ निकाला। पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments