पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न इलाकों के विकास और आम जनता की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। विधायक जितेंद्र तिवारी ने इन सभी विकास कार्यों का उद्घाटन किया। पश्चिम बर्दवान जिला परिषद के आर्थिक सहयोग से पूरी होने वाली इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
इस कड़ी में पहला उद्घाटन गाईघाटा बासंती मंदिर के पास किया गया, जहाँ नारियल फोड़कर सौर ऊर्जा से संचालित सबमर्सिबल पंप (सोलर सबमर्सिबल पंप) के जरिए पेयजल आपूर्ति परियोजना की शुरुआत की गई। 7 लाख 80 हजार रुपये की लागत से तैयार यह पर्यावरण-अनुकूल परियोजना क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत को दूर करेगी। इसके साथ ही, रामनगर निचुपाड़ा ब्रह्मतला और पांडेश्वर फूलबगान दुर्गा मंदिर के पास कम्युनिटी टॉयलेट के निर्माण कार्य का भी उद्घाटन हुआ। प्रत्येक शौचालय के निर्माण पर 3 लाख 49 हजार 568 रुपये खर्च किए गए हैं। ये योजनाएं पश्चिम बर्दवान जिला परिषद के सौजन्य से धरातल पर उतारी गई हैं।
इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि हमारा मुख्य संकल्प साधारण जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना और पूरे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। यह सौर ऊर्जा संचालित पंप न केवल पीने के पानी की समस्या का स्थायी समाधान करेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगा। इसके अलावा, नए कम्युनिटी टॉयलेट के निर्माण से स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन में स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों में बड़ा सुधार आएगा। जनता की सेवा और विकास की यह यात्रा आने वाले दिनों में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगी।





0 Comments