रानीगंज :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हुई हिंसा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमलों, जबरन जमीन कब्जा करने और महिलाओं पर अत्याचार सहित कई मामलों में वांछित एगारा ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान अशोक हेला और तृणमूल श्रमिक संगठन के नेता विवेक मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को हुई इस गिरफ्तारी के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रानीगंज थाने में स्थानीय लोगों के भारी गुस्से और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बुधवार सुबह ही दोनों तृणमूल नेताओं को सुरक्षा कारणों से दूसरे थाने में स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें आसनसोल उत्तर थाने से सीधे अदालत ले जाया गया, जहाँ दोनों नेताओं को चेहरे पर मास्क लगाकर अदालत परिसर में प्रवेश करते देखा गया। गिरफ्तार नेताओं पर इलाके में दादागीरी, आतंक फैलाने, चुनाव के दौरान विपक्षी दल के नेताओं को धमकाने, महिलाओं को प्रताड़ित करने और डरा-धमकाकर व मारपीट कर जमीन और इलाके पर कब्जा करने जैसे कई गंभीर आरोप हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बुधवार को बेहद गुपचुप तरीके से दोनों नेताओं को अदालत में पेश किया गया।



0 Comments