रानीगंज :- वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमलों और इलाके में जबरन जमीन कब्जा करने के मामलों में वांछित तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए एगरा ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान अशोक हेला और तृणमूल श्रमिक संगठन के नेता विवेक मंडल की कमर में रस्सी बांधी और उन्हें भारी सुरक्षा बल के बीच करीब एक किलोमीटर तक पैदल घुमाया। सेंट्रल और राज्य पुलिस की विशाल टीम दोनों आरोपियों को कमर में रस्सी बांधकर एगरा गांव में उनके घरों की तलाशी के लिए ले गई। इस दौरान अपने ही गांव की सड़कों पर पैदल घूमते इन नेताओं को देखकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने उन्हें देखते ही 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ उनके साथ चल रही थी। इस बीच, बुधवार को दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया था, जहां से उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए अदालत ने उन्हें दो दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।


0 Comments