पूर्व बर्दवान :- तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हाल ही में सोनारपुर में हुए हमले और उन पर अंडे फेंके जाने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क नजर आ रहा है। इसी जनआक्रोश को देखते हुए मंगलवार को जब बर्धमान दक्षिण के पूर्व टीएमसी विधायक खोकन दास को अदालत में पेश किया गया, तो पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से उन्हें हेलमेट पहना रखा था। जनता के बढ़ते गुस्से को भांपते हुए पुलिस कोई भी जोखिम उठाने के मूड में नहीं थी।
खोकन दास को बर्धमान के सबसे प्रभावशाली तृणमूल नेताओं में गिना जाता था। पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान पूरे इलाके ने उनका रसूख और खौफ दोनों देखा है। कुछ दिनों पहले ही पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) से गिरफ्तार किया था। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें बर्धमान लाया गया। गौरतलब है कि उनकी गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया था; इलाके में 'खोकन चोर' के गाने बजाकर लोग थिरके थे और लड्डू बांटकर व अबीर उड़ाकर जश्न मनाया गया था।
इसी माहौल के बीच मंगलवार को पूर्व विधायक को अदालत में पेश किया गया। उग्र भीड़ के गुस्से और संभावित हमले से बचाने के लिए पुलिस ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। खोकन दास को बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच थाने से बाहर निकाला गया। जैसे ही पुलिस की गाड़ी अदालत परिसर पहुंची, देखा गया कि पूर्व विधायक को हेलमेट पहनाकर गाड़ी से उतारा गया। टीएमसी नेता हेलमेट की आड़ में अपना चेहरा छिपाए हुए ही अदालत के भीतर दाखिल हुए।



0 Comments