पांडेश्वर से TMC नेता नीतू मास्टर गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय भीड़ ने बरसाए अंडे

पांडेश्वर :- वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा, इलाके में आतंक फैलाने और जबरन वसूली (तोलाबाजी) जैसे गंभीर आरोपों में वांछित तृणमूल कांग्रेस नेता नित्यानंद अधिकारी उर्फ नीतू मास्टर को पांडेश्वर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन होने और भाजपा की नई सरकार बनने के बाद से ही आरोपी नेता लगातार फरार चल रहा था। आखिरकार पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उसे श्यामला इलाके से दबोच लिया। शुक्रवार को जब पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने के लिए पांडेश्वर थाने से बाहर निकाल रही थी, तो वहां पहले से ही भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा थी।



जैसे ही नीतू मास्टर को पुलिस वैन की तरफ ले जाया गया, वैसे ही वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी नेता पर अंडों की बारिश कर दी। तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में नीतू मास्टर द्वारा इलाके में कायम किए गए खौफ और प्रताड़ना को लेकर आम जनता में इस कदर आक्रोश था कि पुलिस के लिए उसे भीड़ के बीच से सुरक्षित निकाल पाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत के बाद उसे कैदी वैन तक पहुंचाना पड़ा, लेकिन तब तक उग्र भीड़ उसे अंडों से सराबोर कर चुकी थी। पुलिस किसी तरह उसे आक्रोशित जनता के चंगुल से बचाकर अदालत ले गई, जहां मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments