West Bengal Budget 2026 में बड़ी घोषणा, Asansol-Durgapur में दौड़ेगी मेट्रो

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की नई 'डबल इंजन' भाजपा सरकार ने अपने पहले पूर्ण बजट (Bengal Budget 2026) में राज्य की परिवहन और संचार व्यवस्था को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की दूरदर्शी योजना के तहत अब मेट्रो रेल की सेवा कोलकाता की सीमाओं को पार कर राज्य के अन्य प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक शहरों तक पहुंचेगी।

सोमवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्त ने औद्योगिक क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए आसनसोल और दुर्गापुर में मेट्रो सेवा शुरू करने का बड़ा एलान किया। मुख्यमंत्री के परामर्श के अनुसार, जिन शहरों की आबादी 25 से 30 लाख से अधिक है, वहां यातायात को सुगम बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही उत्तर बंगाल के प्रमुख केंद्र सिलीगुड़ी में भी मेट्रो चलाई जाएगी और इन तीनों शहरों में जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। आसनसोल और दुर्गापुर के निवासियों के लिए यह घोषणा परिवहन के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए दमदम (कोलकाता) हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से कल्याणी के पास एक नया 'ग्रीनफील्ड' एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही पुरुलिया और मालदा में भी नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे। पूर्व मेदिनीपुर के दनपात्रबाड़ (ताजपुर के पास) में गहरे समुद्री बंदरगाह के निर्माण की घोषणा को भी बजट में दोहराया गया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि वायुसेना के कलाईकुंडा और हासिमारा बेस के विस्तार के लिए राज्य सरकार क्रमशः 37 एकड़ और 25 एकड़ भूमि देने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।

Post a Comment

0 Comments