पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के देवानदीघी थाना अंतर्गत पालितपुर कैनलपाड़ इलाके में एक 28 वर्षीय आदिवासी महिला की सामूहिक बलात्कार के बाद बेरहमी से हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है। मृतका की पहचान रानी हेम्ब्रम के रूप में हुई है, जो मंगलवार शाम को अपने पति की तलाश में घर से निकली थी, लेकिन बाद में उसका लहूलुहान और क्षत-विक्षत शव पास के एक खेत से बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि महिला के साथ पहले गैंगरेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
इस संवेदनशील मामले में देवानदीघी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों, शेख अजीजुल और शेख भदई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शेख अजीजुल को स्थानीय इलाके से और शेख भदई को बीरभूम के नानूर से दबोचा। दोनों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार, हत्या और सबूत मिटाने की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बर्धमान जिला अदालत में पेश किया गया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए पांच सदस्यीय फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।



0 Comments