MLA जितेंद्र तिवारी की नई पहल, अब गांव-गांव सजेगा 'जनता दरबार', सीधे जनता के बीच पहुंचकर सुनीं समस्याएं

पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र तिवारी ने अब गांव-गांव जाकर जनता दरबार लगाने और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करने का बीड़ा उठाया है। वैसे तो विधायक जितेंद्र तिवारी हरिपुर और सरपी स्थित विधायक कार्यालयों में आम जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहते ही हैं, लेकिन अब उन्होंने सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचने की यह अनूठी पहल शुरू की है। 


इसी क्रम में उन्होंने जुलाई महीने के पहले 'जनता दरबार' का आयोजन पांडेश्वर विधानसभा के अंतर्गत जेमुआ इलाके के बूथ संख्या 239 में किया, जहां भारी संख्या में स्थानीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक जितेंद्र तिवारी को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने खुलकर अपनी मांगें और शिकायतें उनके समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने हर इलाके में इस तरह का जनता दरबार आयोजित करने के विधायक के इस प्रयास की जमकर सराहना की।


इस मौके पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि जनता दरबार सिर्फ लोगों की शिकायतें सुनने का मंच नहीं है, बल्कि यह उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान का एक दृढ़ संकल्प है। आम जनता के करीब पहुंचकर उनकी बातें सुनना और उनकी परेशानियों को जल्द से जल्द दूर करने का ईमानदारी से प्रयास करना ही जनमुखी राजनीति की असली बुनियाद है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर जनता दरबार की यह विशेष पहल की गई है।

Post a Comment

0 Comments