रानीगंज में दो दिवसीय सावन मेला 'शक्ति-2026' का शुभारंभ, महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

रानीगंज :- अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की रानीगंज शाखा की ओर से आयोजित दो दिवसीय सावन मेला 'शक्ति-2026' का बुधवार को श्री सीताराम जी भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में राखी, हस्तशिल्प, सौंदर्य प्रसाधन, उपहार सामग्री, गृह सज्जा और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। 

सावन मेले के मुख्य प्रायोजक जोरी लैब ग्रोन डायमंड्स हैं। जोरी लैब ग्रोन डायमंड्स का पहला शोरूम कोलकाता तथा दूसरा आसनसोल में स्थापित है। मेले में कंपनी की ओर से विशेष प्रदर्शनी एवं बिक्री काउंटर भी लगाया गया है, जहां आधुनिक डिजाइन के लैब ग्रोन डायमंड आभूषण आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।


उद्घाटन समारोह में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा लखोटिया, मधु डुमरेवाल, रानीगंज शाखा की अध्यक्ष संगीता सुरेका, सचिव रश्मि केजरीवाल, श्री सीताराम जी भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, संजय डालमिया, जयप्रकाश जाजोदिया, ललित कायल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। देवी शक्ति, नारी चेतना तथा रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स की लेडीज विंग की प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।


सम्मेलन की कोषाध्यक्ष वीणा खेड़िया ने बताया कि वर्ष 2014 से आयोजित हो रही यह प्रदर्शनी महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का सशक्त मंच प्रदान कर रही है। इस वर्ष रानीगंज, आसनसोल, कुल्टी, बराकर, दुर्गापुर, कोलकाता, लखनऊ, पंजाब और छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से महिला उद्यमी अपने उत्पाद लेकर पहुंची हैं। कार्यक्रम के दौरान 'नेत्रदान महादान' विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक भी किया गया।

Post a Comment

0 Comments